जम्मू की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अरनिया सेक्टर में मोबाइल फोन से संदिग्ध चैटिंग और तस्वीरें सीमा पार भेजे जाने की सूचना पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने एक युवती से उसका मोबाइल फोन जब्त कर पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, एक 22-23 वर्षीय युवती के मोबाइल फोन से सीमा पार संदिग्ध सूचनाएं भेजने की खुफिया सूचना मिली थी। एसओजी की टीम रविवार को अरनिया पुलिस थाने पहुंची और महिला पुलिस कर्मियों को साथ लेकर युवती के घर गई। वहां से उसे मोबाइल फोन सहित थाने लाया गया। एसओजी टीम ने युवती से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया। लेकिन उसका मोबाइल फोन जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल फोन को एसओजी की लैब में भेजा जाएगा, जहां यह जांच की जाएगी कि फोन से अब तक किस तरह का डेटा और किसे भेजा गया है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि चैटिंग किन नंबरों या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए की गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती के खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। इसी वजह से उसे छोड़ दिया गया है। हालांकि, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सुबूत जुटाए जा रहे हैं।


