भागलपुर एनकाउंटर पर BJP-RJD आमने-सामने, सरावगी बोले- ‘अपराधी अपराध छोड़ दें या बिहार’

 ‎बिहार भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को आयोजित भामाशाह की जयंती समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया।

उन्होंने रविंद्र भवन में व्यवसायियों और उद्योगपतियों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भागलपुर में अपराधी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की चर्चा करते हुए कहा कि अपराधियों के लिए संदेश साफ है कि अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या बिहार।

‎उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार उद्योगपतियों को सम्मान और सुरक्षा देगी। युवाओं को भामाशाह के आदशों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। जयंती समारोह में सरावगी ने भामाशाह की तस्वीर पर पुष्पांजलि कर नमन किया।

समारोह का मंच संचालन वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, सांसद डा. भीम सिंह, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव एवं पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने संबोधित किया।

राजद का आरोप, बिहार में सत्ता-संपोषित गुंडों का आधिपत्य

राज्य ब्यूरो, पटना। राजद की बिहार इकाई के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बुधवार को संयुक्त प्रेस-वार्ता कर आरोप लगाया कि बिहार मेंं सत्ता-संपोषित गुंडों का आधिपत्य है। कहा कि अपराधियों की जाति नहीं होती। इसी के साथ निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार में जाति विभेद पैदा करने का आरोप लगाया।

सुलतानगंज की घटना को उन्होंने भाजपा और जदयू के नेताओं के बीच वर्चस्व का प्रतिफल बताया। कहा कि तस्वीर आदि देखकर आभास हो जाता है कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण है। रामदीन यादव से गुलदस्ता लेने वाले एनडीए के नेता बताएं कि इस साथ-बात का रहस्य क्या है।

2020 के विधानसभा चुनाव में रामधीन की पत्नी नीलम देवी लोजपा प्रत्याशी थी। उनके पुत्र सनी यादव जदयू एमएलसी विजय सिंह के प्रतिनिधि हैं। चुनौती वाले अंदाज में उन्होंने कहा कि अगर शासन-प्रशासन में साहस है, तो एके-47 लहराने वाले का इन-काउंटर करके दिखाएं।

प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, अरुण कुमार यादव, प्रमोद कुमार सिन्हा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद विद्यार्थी व अति-पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्र चंद्रवंशी प्रेस-वार्ता में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *