रांची में 30-31 मार्च को पेयजल संकट: इन इलाकों में पानी का रहेगा किल्लत, विभाग ने की स्टोर करने की अपील

 शहरवासियों के लिए जरूरी सूचना है कि 30 और 31 मार्च को रांची के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा हटिया पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण यह दो दिवसीय शटडाउन लिया गया है।

विभाग के अनुसार योगदा सत्संग आश्रम से सिमरटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर होते हुए पटेल चौक तक लगभग 1.25 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के कारण सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। इस दौरान शहर की लगभग 2 लाख से अधिक आबादी प्रभावित होगी। जिन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता हैं।

इन इलाकों में नहीं पहुंचेगा पानी

कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि कडरू प्रशाखा से सिमरटोली, पीपी कंपाउंड, कडरू, अशोक नगर, चर्च रोड जलमीनार से चर्च रोड, कर्बला चौक, कोनका रोड, इस्लामनगर, नया टोली, आजाद बस्ती समेत कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

इसके अलावा कांटाटोली जलमीनार से जुड़े क्षेत्रों चुटिया, लोवाडीह, सामलौंग, कांटाटोली, मकचुंद टोली और डोरंडा सहित आसपास के इलाकों में भी पानी नहीं पहुंचेगा।

गर्मी में बढ़ सकती है परेशानी

दो दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने से लोगों को गर्मी के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां वैकल्पिक जल स्रोत सीमित हैं, वहां स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे शटडाउन से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर कर लें, ताकि इन दो दिनों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

विभाग का कहना है कि कार्य पूरा होते ही जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। यह कार्य शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे भविष्य में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *