बलात्कार के आरोपी ज्योतिषी अशोक खरात से कथित संबंधों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही रूपाली चाकणकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। एनसीपी नेता रूपाली चाकणकर ने यह कदम शिवसेना (UBT) द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद उठाया है।
रूपाली चाकणकर ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा, “आज सुबह (एनसीपी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री) सुनेत्रा पवार के साथ फोन पर हुई चर्चा के बाद, मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हूं।”
रूपाली चाकणकर ने लिखा, “खरात मामले के सामने आने के पहले ही दिन मैंने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। मेरा उनके वित्तीय लेन-देन या किसी भी प्रकार के गलत काम से कोई संबंध नहीं है। जांच के दौरान सभी तथ्य सामने आ जाएंगे, लेकिन यह देखकर दुख होता है कि मुझ पर कुछ निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।”
उन्होंने लिखा, “मैंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को पहले ही बता दिया है कि खरात के मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए।”
रूपाली चाकणकर को हटाने की मांग
बता दें कि नासिक, अहिल्यानगर और कुछ अन्य जिलों के एनसीपी के कुछ पदाधिकारियों ने सुनेत्रा को पत्र लिखकर महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष पद से रूपाली चाकणकर को हटाने की मांग की थी। उनका दावा थ कि ज्योतिष अशोक खरात के साथ उनके संबंध के कारण पार्टी की छवि खराब हो रही है।
महिला के साथ बलत्कार का आरोप
गौरतलब है कि नासिक जिले के मीरगांव में एक मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख ज्योतिष अशोक खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। अशोक खरात पर तीन साल से अधिक समय तक बार-बार बलात्कार करने का आरोप लगाया था। अब तक खरात के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज किए जा चुके हैं।


