केदारनाथ धाम में चेंकिग कर रही थी पुलिस, टेंट से मिले दो एयर गन और एक धारदार हथियार

9.3kViews
1022 Shares

श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक टेंट में ठहरे व्यक्ति से दो एयर गन व धारदार हथियार बरामन किए गए हैं, उक्त व्यक्ति से पूछताछ चल रही है।

बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति सीआरपीएफ में पूर्व में तैनात था, लेकिन मानसिक अस्वस्थ होने पर सेवामुक्त कर दिया गया। उक्त मामले में पुलिस ने टेंट संचालन के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की है।

केदारनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों और टेंट क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गत रात्रि लगभग दस बजे केदारनाथ पैदल मार्ग क्षेत्र में पुलिस द्वारा टेंट चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो धारदार हथियार और दो एयर गन बरामद की गई थीं।

यूपी का रहने वाला है व्यक्ति

सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा तत्काल जांच शुरू की गई तथा संबंधित व्यक्ति के परिवार और स्थानीय कोतवाली से जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि उक्त व्यक्ति प्रदीप सिंह पुत्र जयशंकर प्रताप सिंह निवासी ग्राम खमरिया, जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार वह वर्ष 2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था, लेकिन मानसिक अस्वस्थता के कारण वर्ष 2018 में सेवामुक्त कर दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर भ्रमण करता रहता है और उसने शौकिया तौर पर खिलौना गन अपने पास रखी हुई थीं। वह सोनप्रयाग से केदारनाथ यात्रा के दौरान सामान चोरी होने की आशंका के चलते इन्हें अन्य सामग्री के साथ धाम तक लेकर गया था। फिलहाल उसके विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इसके अलावा बिना वैध पहचान पत्र के व्यक्ति को अपने टेंट में ठहराने वाले के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *