प्रदेश के सभी 101 बुनियाद केंद्रों पर अगले एक माह तक नि:शुल्क नेत्र जांच की जाएगी। एक लाख लोगों को चश्मा भी मिलेगा। समाज कल्याण विभाग की देखरेख में चलने वाले बुनियाद केंद्रों पर राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा सूचीबद्ध एजेंसी द्वारा आंख की स्क्रीनिंग होगी। यह अभियान तीन चरणों में संचालित होगा और सभी उम्र के व्यक्ति को इसका लाभ मिलेगा।
23 मार्च से शुरू हुआ पहला चरण
पहले चरण में 23 मार्च से 22 बुनियाद केंद्रों पर जांच शुरू की गई है। इनमें अबतक 883 लोगों के आंख की जांच की गयी और जरुरत के अनुसार, 722 लोगों को चश्मा देना तय किया गया है। चश्मा वितरण की प्रक्रिया जांच होने के 15 दिनों बाद की जानी है। दूसरे चरण में 30 मार्च से 25 केंद्रों पर और अंतिम चरण में शेष बचे सभी बुनियाद केंद्रों पर जांच होगी।
101 बुनियाद केंद्रों पर बंटेंगे चश्मे
समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी ने सभी 101 बुनियाद केंद्रों को एक माह में न्यूनतम हजार-हजार चश्मे वितरित करने का लक्ष्य दिया है। मालूम हो कि ‘सक्षम’ की ओर से बुनियाद केंद्रों के माध्यम से “उज्ज्वल दृष्टि” योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
लोगों के सहूलियत के लिए टोल फ्री नंबर जारी
वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक 89,695 चश्मों का नि:शुल्क वितरण हुआ है। इस अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘सक्षम’ ने टोल-फ्री नंबर 18003456262 जारी किया है। दृष्टि दोष से ग्रसित कोई भी व्यक्ति या उनके परिजन इस नंबर पर फोन कर नजदीकी बुनियाद केंद्र और शिविर की तिथि की जानकारी ले सकते हैं।


