हिमाचल प्रदेश के मंडी से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां राजमहल होटल में शादी समारोह के दौरान एक युवक ने अपने ही जीजा को बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सौली खड्ड औद्योगिक क्षेत्र के रहने वाले 39 वर्षीय वरुण गोयल ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वह गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे राजमहल होटल में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। इसी दौरान उसके साले, गौरव कपूर (निवासी- मोती बाजार) ने उसे रास्ते में रोका और बिना किसी कारण के अभद्र गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने वरुण के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
वरुण ने बताया कि गौरव कपूर पहले भी उसके के साथ बदतमीजी कर चुका है। इस संबंध में पहले भी एसडीएम मंडी को शिकायत पत्र भी भेजा गया था, लेकिन रिश्तेदारी का मान रखते हुए तब मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन, इस बार आरोपी ने सरेआम मर्यादा लांघते हुए न केवल मारपीट की, बल्कि जीजा को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल वरुण को अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया। सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी गौरव कपूर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मंडी सदर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। वरुण गोयल ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


