मस्ती और लाइव वीडियो बनी घातक : NH पर कार अनियंत्रित हुई, नदी में गिरी, तीन दोस्तों की मौत, चौथे की तलाश जारी

मधेपुरा-उदकीशुंगनज एनएच 106 पर शुक्रवार रात को एक दर्दनाक हादसा हुआ। अरार थाना क्षेत्र के अरार घाट के पास अनियंत्रित कार सड़क किनारे की दुकान और बिजली पोल से टकराकर सुरसर नदी में जा गिरी। कार में सवार चारों युवक उस वक्त फेसबुक लाइव पर थे। लाइव वीडियो में भोजपुरी गाने बज रहे थे, चारों दोस्त हल्‍ला-गुल्ला कर रहे थे और अपशब्‍द बोल रहे थे। कुछ युवक अश्लील द्विअर्थी गानों पर जोर दे रहे थे। वीडियो में कोई खुद को ‘रंगबाज’ कह रहा था तो कोई दोस्तों के साथ मस्ती में मश्‍त था। चालक भी पूरी तरह मस्ती के मूड में दिखाई दे रहा था। यह लाइव वीडियो शुक्रवार रात लगभग 12 बजे शुरू हुआ था। हादसा इसके लगभग एक घंटे बाद हुआ।

युवकों की पहचान और हालात

हादसे में मधेपुरा जिले के भिरखी, जयपालपट्टी निवासी घनश्याम कुमार (23), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार (25) और सहरसा जिले सौरबाजार के फोरसाही निवासी बसंत कुमार (21) की मौत हो गई। चौथा युवक सागर कुमार (22) अभी भी लापता है। पुलिस के अनुसार, कार की गति लगभग 120 किमी/प्रतिघंटे से अधिक थी।

हादसे का घटनाक्रम

चारों युवक देर शाम मधेपुरा से ग्वालपाड़ा स्थित दीनाभद्री मेला देखने निकले थे। फेसबुक लाइव के बीच मस्ती, तेज गाने और हंसी-ठिठोली के चलते चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार पहले सड़क किनारे की दुकान और बिजली पोल से टकराई और फिर सीधे सुरसर नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। नदी से कार निकालकर तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। चौथे युवक की तलाश जारी है।

पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया

पुलिस ने लाइव वीडियो और घटनास्थल का विश्लेषण कर हादसे की स्थिति स्पष्ट की। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रशासन ने उन्हें सांत्वना दी। जांच में यह देखा जा रहा है कि गाड़ी किसकी थी, कब खरीदी गई और नई थी या पुरानी।

सुरक्षा चेतावनी

पुलिस ने तेज रफ्तार, लापरवाह और मस्ती भरी ड्राइविंग के खतरों पर चेतावनी दी है। प्रशासन ने एनएच 106 पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। लाइव वीडियो में दिखाई गई मस्ती और भोजपुरी गानों की धुन के बीच वाहन की अनियंत्रित गति ने यह हादसा और भी भयावह बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *