थल सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन किए, देश की सुरक्षा के लिए की प्रार्थना

 भारतीय थल सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को श्रीक्षेत्र पहुंचकर महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन किए। तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर आए सेना प्रमुख सुबह श्रीमंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने किया स्वागत

मंदिर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। पुरी के जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिड़ा और एसपी प्रतीक सिंह ने उन्हें मंदिर के अंदर ले जाकर दर्शन कराए। रत्न सिंहासन पर विराजमान चतुर्धामूर्ति के दर्शन के बाद सेना प्रमुख ने मां विमला, मां लक्ष्मी सहित अन्य देवी-देवताओं की भी पूजा की।

देश की सुरक्षा और सेना की शक्ति में वृद्धि के लिए प्रार्थना की

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सेना प्रमुख ने कहा कि महाप्रभु के दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने देश की सुरक्षा और भारतीय सेना की शक्ति में वृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। साथ ही पुरी और ओडिशा के लोगों के प्रति आभार जताया।

गौपालपुर सैन्य स्टेशन के लिए रवाना हुए

दर्शन के उपरांत जनरल द्विवेदी कुछ समय के लिए सैनिक सदन गए। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तालबनिया हेलीपैड पहुंचे, जहां से विशेष हेलीकॉप्टर से गोपालपुर सैन्य स्टेशन के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *