उत्तराखंड में गहराया संकट: पेट्रोल पंपों पर तेल की किल्लत, कुछ में 300 रुपये तक की लिमिट तय

भले ही प्रशासन दावा कर रहा है कि पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है, लेकिन शहर के पेट्रोल पंपों पर हालात बदले-बदले नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की बिक्री पर लिमिट लगा दी गई। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर लोगों को 300 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया गया।

इसी तरह एचपी कंपनी वाले सतवाल पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की बिक्री नहीं हुई। पंप पर मौजूद कर्मचारी ने बताया कि कंपनी से ईंधन की आपूर्ति नहीं हुई है। इस कारण शुक्रवार को पंप बंद करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि पंप बंद था इसलिए मरम्मत कार्य भी कराया गया। इसी तरह देवलचौड़ चौराहे के पास स्थित इंडियन आयल के पेट्रोल पंप पर लगातार दूसरे दिन सामान्य पेट्रोल खत्म हो गया। लोगों को प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री की गई।

एडवांस पेमेंट पर ही मिल रहा ईंधन

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि मांग के मुकाबले 20 से 25 प्रतिशत तक पेट्रोल और डीजल कम मिल रहा है। इसके साथ ही कारोबारियों को अब एडवांस पेमेंट करने पर ही कंपनियां ईंधन दे रही हैं, जबकि पहले डिलीवरी के दौरान या किश्तों में भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *