हापुड़ में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल युवती की मौत, पुलिस कर रही ड्राइवर की तलाश

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सोना पेट्रोल पंप के पास ततारपुर की ओर जाने वाले रास्ते के निकट अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से घायल हुई कार सवार युवती ने दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया है।

घायल दो अन्य युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-11 के प्रियांशू राज ने बताया कि वह अपने दोस्त हिमांशु यादव और उसकी बहन प्रियंका यादव के साथ नैनीताल से गाजियाबाद लौट रहा था। वह अपनी कार चला रहा था।

अचानक ट्रैक्टर कार के आगे मोड़ा

एक मार्च की रात करीब डेढ़ बजे जब वह थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सोना पेट्रोल पंप के पास ततारपुर की ओर जाने वाले रास्ते के निकट पहुंचा। तभी ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक लापरवाही से ट्रैक्टर कार के आगे मोड़ दिया।

इससे कार सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार में बैठा पीड़ित, हिमांशु यादव और प्रियंका यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद प्रियंका को उपचार के लिए पहले हापुड़ के निजी अस्पताल ले जाया गया।

एम्स में प्रियंका की उपचार के दौरान हुई मौत

हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे गाजियाबाद के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर युवती को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान छह मार्च को प्रियंका ने दम तोड़ दिया।

युवती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित अस्पताल में इलाज और अन्य प्रक्रियाओं में व्यस्त रहने के कारण पहले शिकायत नहीं दे सका।

छह मार्च को उसने थाने पहुंचकर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *