कंकरखेड़ा से किराये पर ली गई वरना कार में शोभित यूनिवर्सिटी के छात्र दिल्ली-देहरादून हाईवे पर स्टंट कर रहे थे। कार की गति 120 किमी प्रतिघंटा थी, जब छात्रों ने कार से बाहर निकलकर स्टंट करने का प्रयास किया तो संतुलन बिगड़ने से कार फुटपाथ पर लगे लोहे की एंगल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरिद्वार की दिशा में जा रही कार दिल्ली की ओर मुड़ गई।
गनीमत रही कि उस समय कार के पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था। एयर बैग खुलने से चारों छात्रों की जान बच गई। हालांकि, आगे की सीट पर बैठे दो छात्रों को मामूली चोटें आईं। शामली के रहने वाले उत्कर्ष, जैद, अंकित और रितिक शोभित यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे हैं। चारों मोदीपुरम में किराये पर रहते हैं।
बुधवार को चारों छात्रों ने कंकरखेड़ा से वरना कार किराए पर ली। कार उत्कर्ष चला रहा था। छात्रों ने कंकरखेड़ा से परतापुर तक कार को लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ाया। वापस लौटते समय हाईवे पर कंकरखेड़ा क्षेत्र में सीएनजी पंप के पास कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते हुए वीडियो बनाने लगे।
इसी दौरान तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ की साइड में बनी लोहे की ग्रिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और हरिद्वार की तरफ जा रही कार दिल्ली की तरफ मुड़ गई। एयरबैग खुलने से छात्रों की जान बच गई। हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक हाईवे की तरफ जाने वाली सड़क पर यातायात बाधित रहा।
इन्होंने कहा
शोभित विश्वविद्यालय को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कोई सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन के पास आती है तो आगे जानकारी दी जाएगी।
डा. अभिषेक डबास, प्रवक्ता शोभित विश्वविद्यालय


