सीधी में मंदिर के बुजुर्ग पुजारी की दिनदहाड़े हत्या, धारदार हथियार से रेता गला, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

1548 Shares

सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी 75 वर्षीय इन्द्रभान द्विवेदी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।

बताया जा रहा है कि इन्द्रभान द्विवेदी रोज की तरह सुबह पूजा-अर्चना के लिए घर से मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान कुसमी तहसील रोड पर उन पर अचानक हमला कर दिया गया।

चंद पलों में हुई वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं सके। गंभीर रूप से घायल पुजारी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी हिरासत में

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय लाला केवट पर हत्या का आरोप है। वारदात के तुरंत बाद ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से आरोपी को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित कारणों व्यक्तिगत विवाद से लेकर अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

क्षेत्र में तनाव, ग्रामीणों का प्रदर्शन

इन्द्रभान द्विवेदी लंबे समय से मंदिर में सेवा दे रहे थे और क्षेत्र में सम्मानित धार्मिक व्यक्तित्व माने जाते थे। उनकी हत्या से ग्रामीणों में गहरा शोक और आक्रोश है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुसमी थाना प्रभारी, एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *