कुल्लू SSB सेंटर में ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के पुलिस जवान की मौत, 494 रंगरूट ले रहे हैं प्रशिक्षण

 हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में शमशी स्थित एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण के दौरान एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान के एक युवा प्रशिक्षु रंगरूट की मौत हो गई। 23 वर्षीय राम सैनी पुत्र मदन सैनी गांव साखुन, तहसील डूडू, जिला जयपुर (राजस्थान) का निवासी था। जानकारी के अनुसार राजस्थान पुलिस के करीब 494 रंगरूट इन दिनों एसएसबी शमशी कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

सोमवार शाम इन्डोर क्लास के दौरान ब्रेक हुई, जिसके बाद रंगरूट शौचालय आदि के लिए बाहर जा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी और एक बड़ा पॉपलर का पेड़ जड़ से उखड़कर राम सैनी के ऊपर गिर गया।

गंभीर रूप से घायल हो गया जवान

हादसे में राम सैनी के सिर, दाहिनी टांग और पेट में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जवान के साथी के बयान दर्ज

मौके पर एसएसबी शमशी के सहायक कमांडेंट जिया लाल सहित राजस्थान पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद थे। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद रंगरूट पंकज मालव के बयान दर्ज किए हैं। मृतक के स्वजन को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी गई है और वे कुल्लू के लिए रवाना हो चुके हैं।

कुल्लू अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम

शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शवगृह में रखा गया है, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *