सारण के एक घर में देवरानी-जेठानी का मिला शव, परिवार के अन्य सदस्य फरार; जांच में जुटी पुलिस

1307 Shares

 खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग गांव में शुक्रवार की सुबह एक घर से दो महिलाओं का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव घर के अलग-अलग कमरों से मिले।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं सूचना पर पहुंची खैरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृत महिलाओं की पहचान खोदाईबाग गांव निवासी 27 वर्षीय प्रीति कुमारी, जो नागा सिंह की पत्नी थीं, तथा 22 वर्षीय ज्योति कुमारी, जो मोहन सिंह की पत्नी थीं, के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं और सगे भाइयों की पत्नियां थीं। घटना के बाद से परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

ग्रामीणों के बीच दबे जुबान से पारिवारिक विवाद की चर्चा की जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और मामले की जांच जारी होने की बात कह रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद अंदर जाकर देखने पर दोनों महिलाओं के शव मिले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *