जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट पर रील बनाना पड़ा महंगा, पुंछ में खतरनाक स्टंट करने वाले युवक पर केस दर्ज; मोटरसाइकिल जब्त

 इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ग्रामीण जम्मू ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। यह कार्रवाई इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें युवक को सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए देखा गया था।

जानकारी के अनुसार हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक युवक पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र में जलशक्ति विभाग कार्यालय के पास मेंढर पुल के नजदीक मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो प्रसारित होने के बाद लोगों ने इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर चिंता जताई और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।

मामले का संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ग्रामीण जम्मू ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को युवक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस के सेक्टर अधिकारी मेंढर ने जांच शुरू की और स्टंट करने वाले युवक की पहचान तौफीक हयात पुत्र सिकंदर हयात निवासी आढ़ी, तहसील मेंढर, जिला पुंछ के रूप में की। उसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे बुक किया। स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना मेंढर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहा था। इसके अलावा वह हेलमेट पहने बिना वाहन चला रहा था और सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग कर रहा था। इन सभी उल्लंघनों को ध्यान में रखते हुए उसके खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक (ग्रामीण) जम्मू फारूक केसर ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के खतरनाक और गैरकानूनी स्टंट करने से बचें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे चालक और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *