आस्था भी, पर्यावरण भी… जम्मू में तवी नदी को साख के सिवा कुछ नहीं मंजूर, विसर्जन के दौरान गंदगी फैलाने पर 5000 जुर्माना

चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर अष्टमी और नवमी के दिन होने वाले साख विसर्जन को लेकर जम्मू नगर निगम ने इस बार पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के बीच संतुलन बनाने के लिए कमर कस ली है।

सूर्यपुत्री तवी नदी और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को नदी की मुख्य जलधारा तक केवल साख ले जाने की अनुमति होगी।

विसर्जन स्थलों (जैसे तवी घाट और अन्य चिह्नित स्थान) के प्रवेश द्वार पर ही जांच अभियान चलाया जाएगा। साख के साथ लाए जाने वाले प्लास्टिक, पालीथिन बैग, लाल चुनरी (सिंथेटिक), नारियल के छिलके और अन्य सजावटी सामग्री को घाट के बाहर ही जब्त कर लिया जाएगा।

तीन वर्ष से नगर निगम इस दिशा में सख्ती बरत रहा है, ताकि तवी नदी समेत अन्य जलस्रोतों के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित किया जा सके। इस दौरान लोगों को जागरूक भी किया जाता है।

इको फ्रेंडली विसर्जन

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल प्राकृतिक सामग्री का ही विसर्जन करें, ताकि जल प्रदूषण को रोका जा सके। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जम्मू नगर निगम ने कई स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ हाथ मिलाया है।

हर घाट पर निगम के स्वच्छता कर्मी और वालंटियर्स तैनात रहेंगे। नदी के पास विशेष कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु अपना नान बायोडिग्रेडेबल (प्लास्टिक/कचरा) सामान जमा कर सकेंगे।

महत्वपूर्ण जानकारी

प्रमुख विसर्जन स्थल: तवी नदी घाट, अखनूर और स्थानीय नहरें

तैनात स्टाफ: 100 स्वच्छता कर्मी और दर्जनों स्वयंसेवी

प्रतिबंध: पालीथिन, थर्माकोल, प्लास्टिक के बर्तन और गैर प्राकृतिक रंग

जुर्माना: नियमों के उल्लंघन पर 500 से 5,000 तक का दंड

तीन वर्ष में साख विसर्जन के दौरान जब्ती

23 अक्टूबर 2023 19ए बिक्रम चौक 571.7 किलो
23 अक्टूबर 2023 14 भगवती नगर 15.84 किलो
14 अक्टूबर 2024 19ए बिक्रम चौक 764 किलो
14 अक्टूबर 2024 48 हरि की पौड़ी 727 किलो
पांच अप्रैल 2025 19ए बिक्रम चौक 49.150 किलो
छह अप्रैल 2025 19ए बिक्रम चौक 240 किलो
छह अप्रैल 2025 48 हरि की पौड़ी 2145 किलो
छह अप्रैल 2025 19सी कनाल हैड 600.200 किलो
30 सितंबर 2025 19ए राजीव कालोनी 24.560 किलो
30 सितंबर 2025 48 हरि की पौड़ी 181.600 किलो
एक अक्टूबर 2025 19ए राजीव कालोनी 230.70 किलो
एक अक्टूबर 2025 48 हरि की पौड़ी 1891.250 किलो
एक अक्टूबर 2025 19ए बिक्रम चौक 1587 किलो
कुल 9025.921 किलो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *