गांव कैरू स्थित बालाजी सूर्या पेट्रोल पंप पर तेल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हुए स्कार्पियो सवार युवकों को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पेट्रोल पंप संचालिका पूनम ने बताया कि 21 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे काले रंग की स्कार्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंची। गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी तथा पीछे की नंबर प्लेट टेप से ढकी हुई थी।
आरोपितो ने सेल्समैन राकेश से गाड़ी की टंकी फुल करने को कहा। स्कॉर्पियो में 5900 रुपये का तेल भरवाने के बाद चालक अचानक गाड़ी तेज गति से भगाकर फरार हो गया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया।
जुई कलां थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस टीम ने ईआरवी की सहायता से लगातार पीछा करते हुए स्कॉर्पियो को चरखी दादरी जिले के गांव रामपुरा के पास पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कैरू पुलिस के हवाले कर दिया गया। पेट्रोल पंप संचालिका पूनम ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम, एसएचओ और अन्य पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।


