हापुड़ टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित टी-20 क्रिकेट लीग के अंतिम लीग मुकाबले में स्टेट जीएसटी की टीम ने सेंट्रल जीएसटी को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब फाइनल मुकाबले में स्टेट जीएसटी की भिड़ंत आयकर विभाग की टीम से होगी।
मैच में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच का शुभारंभ डिप्टी कमिश्नर लाल चंद्र एवं अधिवक्ता मोहम्मद शाहिद द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच में स्टेट जीएसटी के कप्तान विवेक उपाध्याय ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल जीएसटी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 130 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लोकेंद्र सिंह ने 23 रन और पवनीश सिरोही ने 28 रन बनाकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
सेंट्रल जीएसटी को क्यों मिली हार?
स्टेट जीएसटी के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए सेंट्रल जीएसटी के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम की ओर से डाक्टर हरित कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में एक मेडन के साथ मात्र 17 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाए रखा।
131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेट जीएसटी की टीम ने संतुलित शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज भानु प्रताप और डाक्टर हरित कुमार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए क्रमश 33 और 34 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों की उपयोगी पारियों के दम पर टीम ने लक्ष्य की ओर मजबूत बढ़त बनाई।
अंत में स्टेट जीएसटी ने 18.3 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया। सेंट्रल जीएसटी की ओर से लोकेंद्र सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। मैच में शानदार आलराउंड प्रदर्शन करने वाले डाक्टर हरित कुमार को मैन आफ द मैच चुना गया।


