माजरा स्थित बाला सुंदरी मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर का साइड दरवाजा तोड़कर दानपात्र (लोहे का गल्ला) चोरी कर लिया। गल्ले में करीब 40 हजार रुपये की नकदी बताई जा रही है।
मंदिर के पुजारी इन्द्र जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब वह उठे तो मंदिर का साइड दरवाजा टूटा हुआ मिला और गल्ला गायब था। उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। पुजारी ने आशंका जताई है कि वारदात को नशे के आदी युवकों ने अंजाम दिया हो सकता है।
शिकायत मिलने के बाद थाना शहजादपुर पुलिस ने 21 मार्च को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गई नकदी व गल्ला बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


