हिमाचल के सरकारी स्कूल मैदान में खेलने पर प्रिंसिपल और युवाओं के बीच तीखी बहस, कुल्लू का वीडियो वायरल

9.1kViews
1404 Shares

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले के एक स्कूल में खेल मैदान को लेकर प्रधानाचार्य और युवाओं के बहस हो गई। बहस का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। कलेहली स्थित सरकारी स्कूल में यह विवाद हुआ है। स्कूल प्रिंसिपल पर स्थानीय युवाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ युवा, जो इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रह चुके हैं, लंबे समय से स्कूल मैदान में क्रिकेट खेलते आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि ये युवा समय-समय पर स्कूल परिसर की देखरेख और साफ-सफाई में भी सहयोग करते रहे हैं।

जब तक स्कूल में हूं, मैदान में नहीं आने दूंगी

घटना वाले दिन जब युवा मैदान में खेल रहे थे, तभी प्रिंसिपल वहां पहुंचीं और कथित तौर पर मोबाइल से वीडियो बनाते हुए युवाओं से बहस करने लगीं। वायरल वीडियो में प्रिंसिपल यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि जब तक वह विद्यालय में हैं, तब तक किसी को भी मैदान में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नशीले पदार्थ के सेवन का आरोप

वहीं, दूसरी ओर युवा यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वे बचपन से इस मैदान में खेलते आए हैं और उन्हें इसका उपयोग करने का अधिकार है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब प्रिंसिपल ने युवाओं पर शराब और बीड़ी सेवन जैसे आरोप लगाए। हालांकि युवाओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।

अब इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और विवाद का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *