बाराबंकी पुलिस ने महिला टप्पेबाज गिरोह का किया पर्दाफाश… 5 महिलाएं गिरफ्तार, ₹1.13 लाख नकद और गहने बरामद

 पुलिस ने गोरखपुर, महाराजगंज और संतकबीरनगर की महिला टप्पेबाज गिरोह का राजफाश किया हैं। गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, इनके कब्जे से चोरी के जेवरात सहित 1.13 लाख रुपये भी बरामद किए हैं।

नगर में आए दिन महिलाओं के गिरोह से महिला को टप्पेबाजी और जेवरात गायब करने की वारदातें हो रही थीं। शनिवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित असैनी मोड़ के पास पुलिस ने गिरोह को पकड़ लिया।

गिरफ्तार महिलाओं में गोरखपुर के सकिडींगंज निवासी जिगमी, बघइचा की ऊषा पत्नी छिब्बू, महाराजगंज के फरिन्दा महुवा निवासी राधिका पत्नी गुड्डू, गोरखपुर के कैम्पियरगंज पुतरहिया निवासी पिंकी पत्नी मुकेश भारती संतकबीरनगर के धर्मसिंघवा अमरहा निवासी सुनीता पत्नी हरिश्चन्द्र व रजकला पत्नी रिंकू शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी महिलाएं बस और आटो में बैठी सवारियों के जेवर व पर्स मौका पाकर चोरी कर लेती थीं।

पुलिस ने इनके पास से सोने के जेवरात और 1.13 लाख रुपये बरामद किए हैं। पूर्व में हुई टप्पेबाजी के संबंध में कोतवाली नगर में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपित महिलाओं के खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *