बारिश, तेज हवा व ओलावृष्टि का असर कब तक रहेगा? मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

 जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह से चल रही तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन के साथ किसानों की चिंता बढ़ा दी।

कई इलाकों में बादलों की गर्जना और बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश हुई, जिससे आम, लीची और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गिरने से कुछ पेड़ों के जलने की भी सूचना है।

शनिवार की सुबह भी बारिश

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ए.सत्तार के अनुसार मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति फिलहाल जारी रहने वाली है। शनिवार के साथ ही साथ रविवार को भी उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इसको लेकर विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

25 मार्च तक उतार-चढ़ाव

पूर्वानुमान के मुताबिक 21 से 25 मार्च तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, हालांकि बीच-बीच में मौसम सामान्य भी रह सकता है।

तेज हवा चलने का अनुमान

हवा की रफ्तार 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है और पछिया हवा चलने की संभावना है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।

ओलावृष्टि के कारण कई जगहों पर खेतों और सड़कों पर बर्फ जैसी परत देखी गई। तेज हवा और बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना को देखते हुए फसलों की कटाई सावधानी से करने को कहा गया है। गरमा सब्जियों जैसे नेनुआ, करेला, लौकी और खीरा में फिलहाल सिंचाई रोकने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *