जनपद के औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को बिंदल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज पर आयकर विभाग ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम कई ठिकानों पर पहुंची।
दिल्ली से पहुंची विशेष टीम ने पूरी गोपनीयता और योजना के तहत बिंदल पेपर्स, टिहरी पेपर्स, शाकुम्भरी पेपर्स और बिंदल डुप्लेक्स में कार्रवाई शुरू की। बिंदल ग्रुप के संचालकों के गांधी कालोनी स्थित आवास समेत अन्य ठिकानों पर जांच शुरू की गई।
फोर्स के साथ आठ गाड़ियों से आए अधिकारी, प्रशासनिक भवन का गेट कराया बंद
जागरण संवाददाता, बिजनौर: मुजफ्फरनगर के बिंदल्स ग्रुप की चांगीपुर चीनी मिल पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने सर्वे शुरू किया है। टीम ने प्रशासनिक भवन को अंदर से बंद कर लिया है और कर्मचारियों के मोबाइल भी ले लिए हैं। वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अभिलेखों की जांच भी हो रही है।
बिंदल्स ग्रुप द्वारा जिले में चांगीपुर चीनी मिल का संचालन किया जा रहा है। यह नूरपुर क्षेत्र के पास गांव चांगीपुर में स्थित है। बुधवार सुबह लगभग दस बजे आयकर विभाग के अधिकारी आठ गाड़ियों से मिल गेट के प्रशासनिक भवन में पहुंचे। भवन में आते ही उन्होंने गेट को बंद करा दिया और किसी को भी बाहर न जाने देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों के मोबाइल भी अपने पास जमा कर लिए और पूछताछ शुरू कर दी।


