संभल में सरकारी तालाबों और चकमार्गों से हटा अवैध कब्जा, 39 बीघा भूमि मुक्त
जनपद में तालाबों एवं चकमार्गों पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज हो रहा है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर गुन्नौर तहसील क्षेत्र में राजस्व एवं पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 39 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया। अभियान के दौरान तालाबों और ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
डीएम के निर्देश पर गुन्नौर तहसील में चला अभियान
दरअसल, जिलाधिकारी ने 20 मई को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदारों एवं खंड विकास अधिकारियों को सरकारी तालाबों और चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही दो हेक्टेयर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों का चिन्हीकरण कर सूची तैयार करने को भी कहा गया था।
तालाब संरक्षण को बताया प्राथमिकता
इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम गुन्नौर विकास चन्द्र के नेतृत्व में राजस्व टीम ने गांव सैंजना एवं झुकैरा में कार्रवाई की। गांव सैंजना में तालाब भूमि गाटा संख्या 602, रकबा 0.240 हेक्टेयर पर अस्थायी कब्जा पाया गया, जिसे राजस्व निरीक्षक जाहरी सिंह, नदीम अहमद तथा लेखपाल राजवीर सिंह, सचिन मित्तल और सुधीर सिंह ने पुलिस बल की मौजूदगी में हटवाया।
वहीं गांव झुकैरा में तालाब भूमि गाटा संख्या एक कमि., रकबा 2.290 हेक्टेयर को चिह्नित करते हुए अवैध कब्जा हटाया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक बृजपाल सिंह, रनवीर सिंह तथा लेखपाल दुर्गेश त्रिपाठी, अनुज दुबे, अखिलेश एवं विनीत कुमार मौजूद रहे।
बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटवाया
इसके अलावा नायब तहसीलदार अनुज कुमार की टीम ने गांव चमरौवा (चमरपुरा) में गाटा संख्या 422, जो राजस्व अभिलेखों में चकमार्ग के रूप में दर्ज है। वहां बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटवाया।
वहीं गांव बमनपुरी में गाटा संख्या 146/0.5000 हेक्टेयर ग्राम समाज की लगभग आठ बीघा भूमि को नायब तहसीलदार उदयवीर एवं उनकी टीम ने पुलिस बल के साथ कब्जामुक्त कराया। एसडीएम विकास चन्द्र ने बताया कि तालाबों एवं सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

