ऊना में इंटर्नशिप के लिए उद्योग में गए ITI प्रशिक्षु छत से गिरे, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए

 हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक शिक्षण संस्थान के दो प्रशिक्षु छत से नीचे गिर गए। पुलिस थाना ऊना के तहत टाटा मोटर्स बहडाला में इंटर्नशिप के लिए गए आईटीआई प्रशिक्षु हादसे का शिकार हो गए। दोनों प्रशिक्षु संस्थान में किसी कार्य में जुटे हुए थे, इस बीच दोनों ही टीनपोश छत से नीचे आ गिरे।

घायलों की पहचान 18 वर्षीय साहिल कुमार अम्ब और 19 वर्षीय कुलविंदर जट्टपुर संतोषगढ़ जिला ऊना के रूप में हुई है। उधर मामले की सूचना के बाद पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

18 प्रशिक्षु कर रहे थे इंटर्नशिप

जानकारी के अनुसार आईटीआई ऊना से 18 प्रशिक्षुओं का दल पिछले तीन दिन से बहडाला टाटा मोटर्स में इंटर्नशिप के लिए जा रहा था। इस बीच अपनी प्रतिदिन की एक्टिविटीज में बुधवार को कुलविंदर व साहिल एजेंसी के टीनपोश छत के पास कार्य कर रहे थे तो दोनों ही नीचे आ गिरे।

दोनों की टांगें फ्रेक्चर

मौके पर कर्मियों के बीच अफरा तफरी मच गई और दोनों प्रशिक्षुओं को आनन-फानन में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां पर दोनों का उपचार जारी है। चिकित्सकों की माने तो दोनों की टांग में फ्रैक्चर हुआ है, फिलहाल डॉक्टर आगामी ओपिनियन पर जुटे हुए हैं।

क्या कहते हैं एसपी ऊना

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस अभी घायलों के बयान दर्ज कर रही है, मामले में जांच जारी है। पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *