प्रयागराज के घूरपुर में फंदे से लटकी मिली अधेड़ की लाश, पुलिस खुदकुशी बता रही; पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगा मौत का राज

2.9kViews
1942 Shares

यमुनापार में घूरपुर थाना क्षेत्र के दलवाबारी गांव में एक अधेड़ की लाश शुक्रवार सुबह कमरे में फंदे से लटकती मिली। इससे ग्रामीणों में खलबली मच गई। पुलिस इसे खुदकुशी बता रही है। हालांकि, पुलिस का यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।

दलवाबारी गांव निवासी 50 वर्षीय संतलाल मजदूरी करते थे। गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिवार के लोगों ने जैसे ही दरवाजा खोला सामने संतलाल का फंदे से लटकता शव देखकर हतप्रभ रह गए। घरवालों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। स्वजन ने पुलिस को बताया कि संतलाल की पत्नी का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। इसके बाद से वह अकेले रह रहे थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अपनी वृद्ध माता के साथ रहते थे।

घूरपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। हालांकि, कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। घरवाले भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *