सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव 13 साल पुराने निमंत्रण को पूरा करने मंगलवार को सैदनगली पहुंचे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि वह यहां एक निजी निमंत्रण को पूरा करने आए हैं।
दरअसल 2013 में रात को दो बजे उनके फोन की घंटी बजी थी। फोन रिसीव किया तो नितिन वर्मा रोते हुए बोले मेरी पत्नी को बचा लो। वह उन्हें जानते नहीं थे। उन्होंने समस्या पूछी तो बताया कि पत्नी की डिलीवरी होनी है और चिकित्सक अस्पताल नहीं खोल रहे हैं। उन्होंने तत्काल अपने एक आइपीएस मित्र को फोन करके संबंधित अस्पताल को खुलवाकर डिलीवरी कराने को कहा।
संसद सत्र चलने के बावजूद भी वह निमंत्रण को पूरा करने यहां पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि एनकाउंटर करने वाली पुलिस को हत्या के मुकदमे झेलने होंगे, वक्त का इंतजार कीजिए। प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर बहुत हुए हैं हथकड़ी लगे हुए अतीक अहमद और उनके भाई को मार दिया गया।
एलपीजी गैस को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि सरकार गैस की कमी नहीं होने की बात कह रही है जबकि, मुख्यमंत्री के क्षेत्र गोरखपुर में गैस के लिए लाइन में लगे लोगों पर लाठीचार्ज हो रहा है। होटल रेस्टोरेंट गैस नहीं मिलने से बंद हो रहे हैं।
दारोगा भर्ती परीक्षा में अवसरवादी के विकल्प में पंडित शब्द भी लिखने पर मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि बाबा ब्राह्मण विरोधी हैं कुछ भी करा सकते हैं। इस मौके पर कांठ विधायक कमाल अख्तर, महानंद वर्मा, अंशुल वर्मा, चंद्रपाल सैनी, दीपक प्रधान, संजीव त्यागी, अमन गुप्ता, अरविंद कसाना, जावेद रजा उर्फ बोबी, मुहम्मद कैफ आदि मौजूद रहे।


