पहली अप्रैल को इंटरनेट मीडिया पर पाम आइलैंड माल में आतंकियों के घुसने की भ्रामक पोस्ट डालने वाले इंस्टाग्राम पेज के खिलाफ नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पाम आइलैंड में व्यवसाय चला रहे व्यापारियों की ओर से दी गई है।
इसमें उन्होंने कहा है कि इस पोस्ट ने माल में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पाम आइलैंड स्पेस ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पुलिस स्टेशन नवाबाद के एसएचओ को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार, इंस्टाग्राम पेज पर पहली अप्रैल को तलाब तिल्लो क्षेत्र में आतंकियों और सुरक्षा गार्डों के बीच मुठभेड़ होने की भ्रामक जानकारी पोस्ट की थी। इस झूठी खबर के कारण लोगों में डर और भ्रम का माहौल बन गया, जिसका सीधा असर माल के कारोबार पर पड़ा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन मन्हास द्वारा हस्ताक्षरित शिकायत में कहा गया है कि यह जानकारी पूरी तरह निराधार और गैर-जिम्मेदाराना थी, जिससे माल की प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचा है। एसोसिएशन ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले की गहन जांच की जाए और फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


