अर्बन कंपनी (Urban Company Share Price) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। 18 मार्च को शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयर 15 फीसदी से ज्यादा उछल गए और भाव ₹127.10 प्रति शेयर तक पहुंच गया। कंपनी के स्टॉक में यह तेजी मंगलवार को एसबीआई म्यूचुअल फंड द्वारा ब्लक डील में कंपनी के अतिरिक्त शेयर खरीदने के बाद आई है।
अर्बन कंपनी के शेयर सुबह 112.90 रुपये पर खुले और 127.10 रुपये का हाई लगा दिया। सुबह 10 बजे तक शेयरों में ट्रेडिंग वॉल्युम 49.50 मिलियन रहा यानी साढ़े 4 करोड़ से ज्यादा शेयरों की खरीदी-बिक्री हो गई।
SBI म्यूचुअल फंड ने कितने शेयर खरीदे?
शेयर बाजार के आंकड़ों से पता चला है कि एसबीआई म्यूचुअल फंड हाउस ने मंगलवार को एनएसई पर अर्बन कंपनी के 3,50,63,090 शेयर ₹109.85 प्रति शेयर के एवरेज प्राइस पर खरीदे हैं। बीएसई पर, एसबीआई एमएफ ने ₹109.83 प्रति शेयर के भाव से 2,24,93,959 शेयर खरीदे हैं।
इस ब्लक डील के साथ ही एसबीआई म्यूचुअल फंड ने कंपनी में 632 करोड़ रुपये में अतिरिक्त 4% हिस्सेदारी खरीदी है। बीएसई पर दिसंबर तिमाही के लिए अर्बन कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक एसबीआई म्यूचुअल फंड की कंपनी में 1.89% हिस्सेदारी थी।
लिस्टिंग के बाद बड़ी गिरावट दिखा चुके शेयर
अर्बन कंपनी के शेयर 17 सितंबर, 2025 को ₹103 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 57.52% के प्रीमियम के साथ 162 रुपये पर लिस्ट हुए थे और लिस्टिंग के बाद 201 रुपये का हाई लगाया था। हालांकि, इसके बाद शेयरों में लगातार बिकवाली हावी रही और 5 महीने की गिरावट के बाद अब शेयरों ने 6वें महीने में तेजी दिखाई है। अर्बन कंपनी के शेयरों ने 4 मार्च को ही अपना रिकॉर्ड निचला स्तर छुआ था और यह 100.70 रुपये पर पहुंच गए थे।


