मुंगेर को मिलेगी 100 करोड़ की योजनाओं की सौगात, 19 मार्च को CM नीतीश का दौरा

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत 19 मार्च यानी गुरुवार को मुंगेर पहुंच रहे हैं। यहां मुख्यमंत्री करीब सौ करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआइजी राकेश कुमार, डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अपर समाहर्ता मनोज कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद थे। आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।

मुख्य कार्यक्रम स्थल हवाई अड्डा के अलावा भगत सिंह चौक स्थित पशुपालन विभाग के नवनिर्मित भवन का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 19 मार्च को सुबह 10.20 बजे हवाई मार्ग से मुंगेर पहुंचेंगे। पोलो मैदान स्थित हेलीपैड पर उनका स्वागत किया जाएगा।

निर्णाण कार्यों का लेंगे जायजा

इसके बाद वे नवनिर्मित जिला उद्योग भवन का उद्घाटन करेंगे तथा कष्टहरणी घाट में चल रहे सुंदरीकरण कार्य और मुंगेर-सुलतानगंज के बीच बन रहे गंगा पथवे के एलाइनमेंट का अवलोकन करेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन का उद्घाटन करेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। भगत सिंह चौक स्थित पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विभाग के संयुक्त भवन का उद्घाटन करने के बाद वे सड़क मार्ग से हवाई अड्डा पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *