लालगंज – कलवारी के देवरी राजा मुख्य मार्ग पर खेत में सोमवार की सुबह हाथ पैर बंधा व मुंह में कपड़ा भरा हुआ एक 20 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में मिला। यह देख ग्रामीण हैरान हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी पर पहुंचे स्वजन युवक की हालत देखकर आक्रोशित हो गए और सड़क पर पत्थर रखकर घटना का राजफाश करने के लिए जाम कर दिया। स्वजन आरोपितों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
देवरी राजा गांव के रहने वाले आनंद कुमार ने बताया कि प्रतिदिन की तरह मन्ना दादा सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले थे। देखा कि गांव के पास सड़क किनारे एक खेत में एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है। जिसका हाथ पैर रस्सी से बांधा गया है। उसके मुंह में कपड़ा ठूसा गया है । पास जाकर देखे तो वह गांव का मुकेश था। उसके हाथ पैर से तत्काल रस्सी को खोला और मुंह से कपड़ा निकाला।
गांव के ही राजमणि को आवाज देकर बुलाए। दोनों लोग मिलकर मुकेश को खेत से उठाकर सड़क पर ले आए। मुकेश की सांसे रूक रूक कर आ रही थी। वह बोल नहीं पा रहा था । निजी साधन से दीपनगर के अंश क्लीनिक पर ले गए। वहां देखते ही डाक्टर ने युवक को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। स्वजन ने घटना का राजफाश करने के लिए सड़क को जाम कर दिया।
माैके पर पहुंचे संतनगर थानेदार राजेश कुमार ने स्वजन से घटना की जानकारी ली। कहा कि युवक के होश में आने पर उससे घटना के बारे में पूछा जाएगा। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की पहचान होने पर उनको गिरफ्तार भी किया जाएगा। युवक का हाथ पैर किसने ने बांधा यह उसके होश में आने पर ही पता चलेगा।


