सेना में जाने की चाह रखने वाले युवाओं को राहत, अग्निवीर भर्ती परीक्षा हुई आसान

4.2kViews
1274 Shares

अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को बड़ी राहत मिली है। अब शैक्षिक योग्यता में एडिशनल सब्जेक्ट के अंक नहीं जोड़े जाएंगे। इससे हजारों युवाओं को राहत मिलेगी। अभी तक अग्निवीर भर्ती परीक्षा में हाईस्कूल और इंटर के सभी विषयों का प्रतिशत लिया जा रहा था।

अभ्यर्थी को सभी विषयों में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक लाने अनिवार्य थे। यूके बोर्ड से हाईस्कूल और इंटर करने वाले विद्यार्थियों को इसका नुकसान झेलना पड़ रहा था। एडिशनल सब्जेक्ट को गंभीरता से नहीं लेने के कारण कई विद्यार्थियों के अंक कम हो जा रहे थे, जिससे वे भर्ती में शामिल नहीं हो पा रहे थे।

युवाओं को मिल सकेगा अवसर

पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट ने बताया कि इस समस्या को लेकर सेना के स्थानीय अधिकारियों से लेकर उच्चाधिकारियों तक संगठन की ओर से लगातार पत्राचार किया गया था। अब एडिशनल सब्जेक्ट की बाध्यता खत्म कर दी गई है।

अभ्यर्थी को मुख्य विषयों में ही 45 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक लाने होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में एडिशनल सब्जेक्ट की बाध्यता के चलते भर्ती में शामिल नहीं हो पा रहे युवाओं को अब भर्ती में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया है।

वहीं इस विषय में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी (से.नि.) करम सिंह का कहना है कि पूर्व में एडिशनल सब्जेक्ट को भी प्रतिशत में जोड़ा जाता था, अब इसमें बदलाव किया गया है। अब टाप फाइव सब्जेक्ट में 45 प्रतिशत अंक लाने वाले युवा भर्ती में शामिल हो सकेंगे। नया नियम लागू हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *