कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड घटना में 10 लोगों की जान जाने एवं 13 लोगों के घायल होने की सूचना ने पूरे प्रदेश के लोगों को दहला कर रख दिया है।
नवीन पटनायक ने शोक व्यक्त किया
इस घटना के बाद विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इसके साथ ही उन्होंने गंभीर रूप से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके लिए सर्वोत्तम इलाज की मांग की है।
मेयर और विधायक को सहायता कार्य करने का दिया निर्देश
उन्होंने कटक के मेयर और टांगी-चौद्वार के विधायक को घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, वे स्वयं भी एससीबी मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों से मुलाकात करने वाले हैं।
दम घुटने और जलने से हुई मरीजों की मौत
सूचना के अनुसार, जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां उस समय करीब 23 मरीज भर्ती थे। आग इतनी तेजी से फैली कि मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का समय नहीं मिल सका। इसी कारण अधिकतर मरीजों की मौत दम घुटने और जलने से हुई बताई जा रही है।


