चंबा-भरमौर NH का हिस्सा रावी नदी में धंसा, बड़े हादसे का खतरा; तीन घंटे हाईवे पर यातायात रहा ठप

 हिमाचल प्रदेश में चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चनू की हट्टी के समीप वीरवार सुबह एक बड़ा हिस्सा धंसने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग के निचले हिस्से में डंगे की खोदाई के दौरान अचानक ऊपर से मुख्य सड़क दरक गई, जिससे सुबह आठ बजे से ही वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।

करीब तीन घंटे तक मार्ग बंद रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों, विशेषकर स्कूली बच्चों और सरकारी कर्मचारियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, चनू की हट्टी के पास एनएच प्राधिकरण द्वारा सड़क को सुदृढ़ करने के लिए डंगे का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी बीच मार्ग का एक हिस्सा धंसना शुरू हो गया। गनीमत यह रही कि उस समय मार्ग पर कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

वैकल्पिक मार्ग तैयार किया

मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच मंडल चंबा की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और मशीनरी की मदद से मलबे को हटाकर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11 बजे मार्ग को वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया।

सड़क के रावी में समाने का खतरा

हालांकि, खोदाई वाली जगह पर जमीन अभी भी लगातार धंस रही है, जिससे सड़क का एक बड़ा हिस्सा रावी नदी में समाने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों और चालकों का कहना है कि सड़क का जो हिस्सा धंसा है, वह काफी कच्चा हो चुका है और भारी वाहनों के गुजरने पर कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। प्रशासन ने फिलहाल सावधानीपूर्वक वाहन गुजारने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *