सरप्राइज के साथ मुंबई में आ रहा Karan Aujla का एक और कॉन्सर्ट, आलोचना के बाद सिंगर ने लिया फैसला

करण औजला (Karan Aujla) इन दिनों अपने पी-पॉप (P-Pop) कल्चर इंडिया टूर में व्यस्त हैं। दिल्ली में एक धमाकेदार शाम के साथ उन्होंने टूर की शुरुआत की, लेकिन मुंबई कॉन्सर्ट के लिए उन्हें और उनकी टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब इस आलोचनाओं के बाद, करण ने मुंबई में एक और शो करने का वादा किया।

सिंगर ने नए शो की घोषणा के साथ-साथ पहले से टिकट धारकों के लिए एक सरप्राइज भी दिया है। करण औजला ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मुंबई में ही दूसरे कॉन्सर्ट का वादा किया। इसका नाम उन्होंने Mumbai 2.0 रखा है जोकि 12 अप्रैल को होने वाला है।

सिंगर ने फैंस के लिए क्या रखा सरप्राइज

सिंगर ने बताया कि मुंबई 2.0 कॉन्सर्ट के टिकट उन लोगों के लिए फ्री होंगे जिन्होंने 3 मार्च के शो में भाग लिया था और टिकट खरीदे थे। उन्होंने उन लोगों को भी इन्वाइट किया जो उनके पहले मुंबई कॉन्सर्ट में शामिल नहीं हो पाए थे। सिंगर ने कहा, “अगर कोई और मेरे मुंबई 2.0 शो में आना चाहता है, तो टिकट खरीदें और जरूर आएं क्योंकि हम मुंबई में इतिहास रचने जा रहे हैं। यह और भी बड़ा होने वाला है।”

फैंस ने क्यों की थी कॉन्सर्ट की आलोचना

बता दें कि करण ने 3 मार्च को मुंबई में परफॉर्म किया था। हालांकि, उनके मुंबई होली कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों ने जमकर आलोचना की। खराब व्यवस्था, बहुत ज्यादा गर्मी से लोगों के बेहोश होने और पीने के पानी की कमी की शिकायतें सामने आईं। कुछ लोगों ने वीआईपी टिकट खरीदने के बावजूद करण को न देख पाने पर नाराजगी जताई और इसे अब तक का सबसे खराब कॉन्सर्ट बताया। वहीं सिंगर ने आलोचनाओं पर ध्यान दिया और पुणे कॉन्सर्ट के बाद घोषणा की कि वह मुंबई में एक और शो आयोजित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *