गुमला में जंगली हाथी का हमला, वृद्ध की मौत से गांव में दहशत

 जिले के पुसो थाना क्षेत्र के चना पीपल पंचायत अंतर्गत पोखराटोली में शुक्रवार की सुबह जंगली हाथी के हमले से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय रवि महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रवि महतो शुक्रवार की सुबह शौच के लिए अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान क्षेत्र में घूम रहे जंगली हाथी की चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें पैर से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों सड़क किनारे रवि महतो को मृत अवस्था में पड़ा देखा। पास की जमीन पर हाथियों के पैरों के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। मृतक के पेट पर हाथी के पैर का निशान मिला, जबकि कान और मुंह से खून निकल रहा था। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

घटना की सूचना तुरंत पुसो थाना प्रभारी जहांगीर खान को दी गई। प्रशासन की देरी से घटना स्थल पर पहुचने से नाराज ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए और शव के साथ घटनास्थल पर ही बैठ गए।

काफी देर बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया।

नहीं मिला मुआवजा

मृतक के भतीजे नकुल महतो ने बताया कि अभी तक वन विभाग की ओर से किसी प्रकार की सहायता या मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है।

इधर, क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार आवागमन से ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *