पंजाब के कपूरथला में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप

 तलवंडी चौधरियां क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। स्वजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका के पिता राम लुभाया, निवासी गांव जवाहर नगर भुलत्थ, चाचा तरसेम सिंह और भाई विक्की ने बताया कि उनकी बेटी मोनिका (28) ने लगभग चार साल पहले तलवंडी चौधरियां के एक युवक से लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी।

पिता राम लुभाया और चाचा तरसेम सिंह के अनुसार, वीरवार की दोपहर करीब दो बजे मोनिका के पड़ोसियों ने फोन करके बताया कि उसकी तबीयत खराब है। जब वे तुरंत तलवंडी चौधरियां पहुंचे, तो पता चला कि मोनिका की मौत हो चुकी है। ससुराल वालों का कहना है कि मोनिका ने आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

परिवार का कहना है कि मोनिका के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या ससुराल वालों ने सोची-समझी साजिश के तहत की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

दूसरी ओर, थाना तलवंडी चौधरियां की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की मोर्चरी में रखा गया है। ससुराल पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *