हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली से 13 हजार फीट ऊंचे रोहतांग के बाद अब 15 हजार फीट ऊंचे कुंजम दर्रे के लिए भी एचआरटीसी ने बस सेवा शुरू कर दी है। समुद्र तल से लगभग 15000 फीट की ऊंचाई वाले कुंजम दर्रा मार्ग पर रविवार को एचआरटीसी की बस छह महीने बाद शुरू हो गई। कुल्लू-काजा वाया अटल टनल बस सेवा बहाल होने से चंद्रताल झील जाने वाले ट्रैकरों सहित काजावासियों को राहत मिलेगी। इस रूट पर रोमांचक सफर फिर से शुरू हो गया है।
रोमांच से भरपूर सफर का आनंद
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस आज कुल्लू से मनाली-अटल टनल-ग्रांफू-कुंजम दर्रा होकर काजा पहुंची। बस अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू से सुबह 4 बजे रवाना हुई और मनाली से सुबह 6 बजे काजा के लिए निकली। स्थानीय लोगों सहित ट्रैकरों को इस दुर्गम एवं सर्पीले मार्ग पर सफर करने का अवसर मिलेगा, जो रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर माना जाता है।
224 किमी सफर का 580 रुपये किराया
क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम केलंग अंचिंत शर्मा ने बताया कि पर्यटक व अन्य लोग कुल्लू से काजा के बीच 224 किमी सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे। यात्री 580 रुपये किराया देकर रोमांचक सफर कर सकेंगे।
ये रहेगी बस की टाइमिंग
बस कुल्लू से चार बजे चलेगी तथा मनाली से छह बजे रवाना होगी व शाम को पांच बजे काजा पहुंचेगी। काजा से बस सुबह चार साढ़े या पांच बजे चलेगी। शाम को बस चार बजे मनाली जबकि पांच बजे कुल्लू पहुंचेगी।


