वाराणसी जंक्शन पर एक महिला ने किशोरी का अपहरण कर लिया फिर उसे बरेली लाकर दूसरी महिला को बेच दिया। यहां पर आरोपितों ने किशोरी को देह व्यापार में धकेल दिया। चनहेटी के एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। उसे अलग-अलग होटलों में ग्राहकों के पास भेजने लगे। विरोध करने पर मारा-पीटा। शुक्रवार रात किशोरी सेटेलाइट के पास एक होटल से भागकर पुलिस के पास पहुंची।
बारादरी पुलिस ने किशोरी की तहरीर पर छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तीन महिलाओं समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपित की तलाश कर रही है।
वाराणसी निवासी किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा सात तक पढ़ी है। जनवरी के पहले हफ्ते में परिवार वालों ने घर के काम को लेकर उसे डांट दिया था तो वह गुस्से में घर से निकलकर वाराणसी जंक्शन पर पहुंच गई। स्टेशन पर घूम रही थी तभी उसे रिया आंटी मिली।
रिया ने उसे अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसा लिया और उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई और दो-तीन दिन अपने घर में रखने बाद घुमाने के बहाने बरेली ले आई। यहां बबली आंटी को पैसे लेकर बेचकर चली गई। बबली ने उसे अपने घर पर रखा। यहां पर उसका दोस्त विनोद भी रहता है।
दोनों उसे चनहेटी में एक कमरे में बंद कर रखते थे और देह व्यापार कराने लगे। दोनों उसे होटलों में ले जाते और ग्राहकों को सौंप देते थे। जब उसने विरोध किया तो बबली, उसके पति खलील खां और विनोद ने मारपीट की। कुछ दिन पहले नेपाली महिला दुर्गालावती और जसलीन भी इन लोगों के साथ आकर रहने लगीं। ये लोग भी उसके साथ बुरा बरताव करने लगे।
शुक्रवार रात उसे विनोद, बबली, जसलीन, दुर्गालावती और खलील खां सेटेलाइट के पास होटल में लेकर गए। वह किसी तरह बाथरूम जाने के बहाने होटल से भागकर पुलिस के पास पहुंची।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शनिवार को चनहेटी निवासी बबली यादव, कुइंया खेड़ा फरीदपुर निवासी विनोद यादव, बिजनौर निवासी जसलीन कौर और नेपाल निवासी दुर्गालावती को गिरफ्तार कर लिया है। वाराणसी निवासी रिया, खलील खां, विनय और कई होटलों के मैनेजर और मालिक फरार हैं।
फर्जी आधार कार्ड बनवाया, संक्रमण पर इलाज भी नहीं कराया
किशोरी ने पुलिस को बताया उसे स्कूटी में बीच में बैठाकर होटलों में देह व्यापार के लिए लेकर जाते थे। जब भी होटलों में ले जाते थे तो उसे बालिग बताते थे।


