चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पीजी (स्नातकोत्तर) के विभिन्न कोर्स में सत्र-26-27 में प्रवेश के लिए 15 जून से आनलाइन पंजीकरण शुरू करेगा। इसके लिए तैयारी तेजी से चल रही है। वहीं, स्नातक स्तर (यूजी) के विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए अब तक 51 हजार से अधिक आनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं।
सीसीएसयू ने परिसर एवं संबंद्ध कालेजों में स्नातक स्तर के विभिन्न कोर्सों में सत्र-26-27 में प्रवेश के लिए आनलाइन पंजीकरण कराने की प्रक्रिया पांच मई को शुरू की थी। एक माह बीतने जाने के बाद 51 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के पंजीकरण अब तक हो चुके हैं।
वहीं, जिन कालेजों ने बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआइ) की अनुमति का पत्र विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दिया है, उन सभी कालेजों में भी सीसीएसयू ने बीएएलएलबी के आनलाइन पंजीकरण खोल दिए हैं। हालांकि अभी भी कई कालेज हैं, जिन्होंने अभी यह अनुमति पत्र विश्वविद्यालय को उपलब्ध नहीं कराया है, ऐसे में वहां अभी पंजीकरण शुरू नहीं हुए हैं।
पीजी (स्नातकोत्तर स्तर) के विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय ने पहले जून के प्रथम सप्ताह से ही आनलाइन पंजीकरण की तैयारी की थी, लेकिन अधिकांश परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम अभी घोषित नहीं हुए हैं। ऐसे में पंजीकरण शुरू करने में परेशानी आती। इस कारण विश्वविद्यालय ने अब 15 जून से पंजीकरण शुरू कराने की तैयारी की है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह का भी कहना है कि 15 जून तक पंजीकरण शुरू करा दिए जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि स्नातक के विभिन्न कोर्सों में रविवार की शाम तक 51,158 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए अपने पंजीकरण कराए हैं।


