अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर कप्तानगंज थाना पुलिस ने दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में खाली पैकेट, अपमिश्रित शराब, नौसादर आदि मिला है। अवैध शराब की फैक्ट्री मथौली बाजार के पास बंद पड़े एक पोल्ट्रीफार्म में संचालित हो रही थी। धंधेबाज अवैध शराब तैयार कर होली के अवसर पर बेचने की तैयारी में थे।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज दीपक कुमार सिंह मंगलवार तड़के गश्त पर थे। मथौली के पास फर्दहा गांव के मार्ग पर पोल्ट्री फार्म में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। छापेमारी की तो मौके से करीब चार हजार बंटी बबली का खाली पैकेट, जरिकेन में छह लीटर अपमिश्रित शराब, पांच किग्रा यूरिया, तीन सौ ग्राम नौसादर बरामद हुआ।
मौके से भाग रहे दो धंधेबाज पकड़े गए। उनकी पहचान दीनानाथ जायसवाल व निगम जायसवाल निवासी मथौली बाजार थाना कप्तानगंज के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि होली पर वे अवैध शराब तैयार कर इसकी बिक्री की तैयारी में थे।
अपमिश्रित शराब तैयार कर वह बंटी-बबली के पैकेट में भरकर पहले से बेचते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम व आइटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही। टीम में दारोगा अंकित सिंह, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।


