घर-घर जाकर सरसों का तेल बेचते थे चंद्रवंशी, आज सम्राट कैबिनेट में बन गए मंत्री

डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी को सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल (Bihar Minister Dr. Pramod Kumar) में शामिल किए जाने से जिले में हर्ष का माहौल है।

जिले के काको प्रखंड के नेरथुआ मठ गांव निवासी प्रमोद चंद्रवंशी नीतीश सरकार में भी वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री रह चुके हैं।

साधारण परिवार से आते हैं प्रमोद चंद्रवंशी

प्रमोद चंद्रवंशी की पहचान एक बेहद साधारण परिवार से निकलकर राजनीति की ऊंचाई तक पहुंचने वाले नेता के रूप में होती है। उनके पिता अयोध्या प्रसाद गांव में खेतीबाड़ी कर परिवार चलाते थे।

सीमित संसाधनों के कारण बेटे को उच्च शिक्षा दिलाना आसान नहीं था। छात्र जीवन में ही विद्यार्थी परिषद से जुड़ने वाले प्रमोद चंद्रवंशी ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए कई छोटे-बड़े काम किए।

घर-घर जाकर सरसों का तेल बेचते थे चंद्रवंशी

पटना के पोस्टल पार्क इलाके में रहकर उन्होंने अखबार बेचने से लेकर घर-घर जाकर सरसों तेल बेचने तक का काम किया। उसी आमदनी से अपनी पढ़ाई का खर्च निकालते थे।

वर्तमान में भी उनका तेल व्यवसाय है, जिसका संचालन अब कर्मियों के माध्यम से किया जा रहा है। गांव के लोगों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले तक उनका घर झोपड़ीनुमा था। बाद में भाइयों के सहयोग से गांव में एक छोटा पक्का मकान बनाया गया।

गैस एजेंसी में काम करते थे चंद्रवंशी के भाई

उनके भाई पटना के एक गैस एजेंसी में मामूली वेतन पर नौकरी करते थे। बेहद सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर मंत्री पद तक पहुंचने वाले प्रमोद चंद्रवंशी की सफलता को लोग संघर्ष, त्याग और समर्पण का परिणाम मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *