ईरान जंग अपने चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है। अब तक इस युद्ध में खामेनेई समेत कई ईरानी नेताओं और कमांडर्स की मौत हो चुकी है। ईरान ने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी बेसों और इजरायल पर उसके हमले जारी हैं।
पढ़िए इजरायल-अमेरिका-ईरान जंग से जुड़े महत्वपूर्ण अपडेट…
ईरान को भारी नुकसान
ईरान की राजधानी तेहरान में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग कॉम्प्लेक्स को नुकसान पहुंचा है। ईरान का ऐतिहासिक गोलेस्तान पैलेस भी हमले की जद में आया है। ट्रंप ने कहा है कि हमले तब तक जारी रहेंगे, जब तक अमेरिका के सभी मकसद पूरे नहीं हो जाते।
ईरान में अब तक 787 लोगों के मारे जाने की खबर है। गुस्साए ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है और धमकी दी है कि वहां से गुजरने वाले जहाजों को आग लगा दी जाएगी।
खाड़ी देशों पर हमले
ईरान ने पलटवार के लिए खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों को निशाना बनाया है। कतर ने दर्जनों ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है। हालांकि बावजूद इसके दो मिसाइलें और एक ड्रोन अल उदीद एयर बेस पर गिरे। उधर कुवैत ने गलती से तीन अमेरिकी फाइटर जेट को गिरा दिया।
सभदी अरब ने रियाद और अल-खारज के पास आठ ड्रोन को इंटरसेप्ट किया।रियाद में US एम्बेसी पर कम से कम दो ड्रोन हमले हुए, जिससे थोड़ी आग लग गई। अमेरिका ने अपने नागरिकों से बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE समेत कई खाड़ी देशों से ॉमर्शियल तरीकों से तुरंत निकलने की अपील की है।
इजरायल की कार्रवाई जारी
इजरायल ने ईरानी पलटवार को रोकने के लिए अपनी एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। इजरायल पर लेबनान की ओर से भी हमले हो रहे हैं। इजराइली सेना लेबनान के इलाकों में बढ़ रही है। उधर जॉर्डन की राजधानी अम्मान में US एम्बेसी ने एक अनजान सुरक्षा खतरे के कारण अपने सभी स्टाफ को कंपाउंड से कुछ समय के लिए निकाल लिया।
जंग में अमेरिका के 6 सर्विस मेंबर मारे गए हैं। ट्रंप ने कहा है कि इन हमलों का जवाब जल्द दिया जाएगा। अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस ने कहा कि प्रेसिडेंट का मुख्य मकसद ईरानी सरकार की सोच को पूरी तरह से बदलना है और यह पक्का करना है कि ईरान के पास कभी न्यूक्लियर हथियार न हो।


