होली के पर्व के लिए घर-घर गुझिया तैयार हो रही हैं। इसी के साथ बाजार में विभिन्न प्रकार की गुझियों की बिक्री हो रही है। इसके खरीदारों की भीड़ बाजार में उमड़ रही है। हर वर्ग की जेब के हिसाब से गुझिया बाजार में मिल रही हैं, लेकिन इस बार शहर में मिल रही एक खास तरह की गुझिया ने सभी का ध्यान खींचा है।
शाही अंदाज में होली मनाने की इच्छा रखने वालों के लिए खास गुझिया तैयार की गई है। इसके एक पीस का रेट लगभग 4500 रुपये है। इसे तैयार करने वालों का दावा है कि यह खोया के साथ स्वर्ण भस्म के अनोखे स्वाद से सराबोर है। इस गुझिया के लिए आपको प्री-ऑर्डर करना होगा।
शहर में ले सकते हैं 25 तरह की गुझियों का स्वाद
अपने शहर में एक-दो तरह की नहीं पूरे 25 तरह की गुझियों का स्वाद ले सकते हैं। इनमें केसर, स्ट्राबेरी, चाकलेट, बादाम, हरियाली गुजिया शामिल हैं। यूं तो मावा के साथ ड्राइफ्रूट की फिलिंग वाली परंपरागत गुझियों के शौकीनों की संख्या अच्छी खासी है लेकिन बच्चों को हर चीज में नयापन चाहिए।
सवा लाख रुपये प्रति किलोग्राम है इसका रेट
इसी को देखते हुए बाजार में गुझियों की विस्तृत रेंज लांच की गई है। सोने के वर्क वाली गुझिया होली पर आकर्षण का केंद्र बन गई है। तेजगढ़ी और दिल्ली रोड स्थित बंगाल स्वीट हाउस में यह गुझिया उपलब्ध है।
प्रतिष्ठान के संचालक समीर थापर ने बताया कि यह गुझिया सवा लाख रुपये प्रति किलोग्राम है। एक किग्रा में 30 से 35 पीस आते हैं। एक गुझिया का रेट लगभग 4500 रुपये है। इसमें खोया के साथ स्वर्ण भस्म भी मिश्रित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने 25 प्रकार की गुझिया तैयार की हैं।


