भारत के लिए सेमीफाइनल में खतरा बन सकते हैं ये ‘5 अंग्रेज’, कुछ गेंदों में मैच पलटने का रखते हैं दम

इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। इंग्लिश टीम ने सुपर-8 में शानदार खेल दिखाया है और उन्होंने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। तो वहीं भारत को अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। मैच में एक गलती और टीम को बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा और इसी वजह से टीम इंडिया को इंग्लैंड के 5 खिलाड़ियों से सावधान रहने की जरूरत है। इसमें कप्तान हैरी ब्रूक से लेकर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर तक का नाम शामिल है।

भारत को इन खिलाड़ियों से रहना होगा सावधान-

1. हैरी ब्रूक

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर अकेले अपने दम पर टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 7 मैचों में 161.70 की स्ट्राइक रेट के साथ 228 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के लिए वे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

2. जोफ्रा आर्चर

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। आर्चर की सटीक लाइन और लेंथ की गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों के लिए खतरा बन सकती है। वे नई गेंद के साथ स्विंग प्राप्त कर सकते हैं और अंत के ओवरों में खतरनाक यॉर्कर से बल्लेबाजों की नाक में दम कर सकते हैं। आर्चर ने टूर्नामेंट में 7 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।

3. विल जैक्स

विल जैक्स भी भारत के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। जैक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी पारी खेली थी और इंग्लैंड को लगभग हारा हुआ मैच जिताया था। उस मुकाबले में इंग्लिश टीम को आखिरी तीन ओवरों में जीत के लिए 50 रनों की जरूरत थी और जैक्स की बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी। इसके अलावा भारत स्पिन के खिलाफ पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करता रहा है। टीम इंडिया में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। जैक्स की ऑफ स्पिन गेंदबाजी उन्हें परेशान कर सकती है।

4. आदिल रशीद

भारतीय टीम के लिए स्पिन को खेलना टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ी समस्या रही है। ऐसे में आदिल रशीद बड़ा खतरा हो सकते हैं। उन्होंने इससे पहले भी भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2022 और 2024 के सेमीफाइनल में शानदार गेंदबाजी की है। रशीद ने 2022 में 20 रन खर्च करते हुए एक विकेट हासिल किए थे और 2024 में भी उन्होंने 25 रन देते हुए एक विकेट चटकाया था। इसके अलावा इस वर्ल्ड कप में भी उन्होंने 11 विकेट अब तक हासिल किए हैं।

5. फिल सॉल्ट

विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट भले ही इस वर्ल्ड कप में लय में नहीं दिखाई दिए हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक लगाया था और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। उन्हें आईपीएल में खेलने का अनुभव है और वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर वे रन बना सकते हैं। सॉल्ट अपनी बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों को परेशान कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *