स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत अब डीएलएड के प्रशिक्षुओं को भी टैबलेट दिया जाएगा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिया है। अभी तक डीएलएड प्रशिक्षुओं को टैबलेट नहीं मिलता है। जिले में अब तक योजना के तहत कुल 88 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिया जा चुका है।
जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान की ओर से इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्देश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डायट प्राचार्य मनीष कुमार सिंह ने नोडल अधिकारी भी नामित कर दिया है। वर्ष 2023-24 और 25 बैच के छात्र-छात्राओं का डाटा डीजी शक्ति पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। प्रथम चरण में वर्ष 2023 और 2024 बैच के छात्रों का डाटा पोर्टल पर अपलोड हो रहा है। 2025 बैच के छात्रों का अभी प्रवेश चल रहा है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका डाटा अपलोड होगा।
डायट ने की पहल
योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान ने तैयारियां तेज कर दी है। जिले के सभी 56 डीएलएड कालेजों का रजिस्ट्रेशन डीजी शक्ति पोर्टल कर दिया गया है। अब कालेजों को छात्र-छात्राओं का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डायट परिसर के 160 प्रशिक्षुओं का डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
डीजी शक्ति पोर्टल पर सभी कालेजों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पोर्टल पर छात्रों का डाटा अपलोड करने का कार्य प्रगति पर है। इसे भी समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
-रवि रंजन खरे, नोडल अधिकारी , डायट, बलिया
-30 हजार छात्रों की ई-केवाईसी अटकी
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध 139 महाविद्यालयों में स्थिति चिंताजनक है। यहां कुल 25 हजार से अधिक छात्रों की ई-केवाईसी ‘मेरी पहचान’ पोर्टल पर अब तक लंबित है। इससे वे योजना के लाभ से वंचित होने की कगार पर पहुंच गए हैं। शासन की ओर से महाविद्यालयों को कैंप लगाकर छात्रों की ई-केवाईसी पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, फिर भी अब तक बड़ी संख्या में छात्रों की ई-केवाईसी लंबित है।
- डीजी शक्ति पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- आधार प्रमाणीकरण विकल्प पर क्लिक करें।
- एनरोलमेंट नंबर भरें और विश्वविद्यालय व कालेज का चयन करें।
- छात्र की जानकारी दिखते ही कप्लीट ई-केवाईसी मेरी पहचान पोर्टल पर क्लिक करें।
- न्यू यूजर साइअपन में नाम, मोबाइल नंबर और पासवर्ड दर्ज कर अकाउंट बनाएं।
- लागिन कर आधार-लिंक्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी से सत्यापन करें।इसके बाद ई-केवाईसी पूर्ण होने का संदेश मोबाइल पर प्राप्त हो जाएगा।


