सिविल लाइंस क्षेत्र में नजूल की जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में महापौर के बेटे अमित पांडेय उर्फ बंटी समेत 14 लोगों के खिलाफ वाद दर्ज किया गया है। प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पीपीई एक्ट के तहत एसीएम तृतीय यादवेंद्र सिंह वैंस की अदालत में वाद दर्ज किया गया है।
प्रकरण में पुलिस कमिश्नर आवास के पीछे स्थित ब्लाक नंबर एक, प्लाट संख्या 5 व 6 से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार यहां लंबे समय से नजूल भूमि पर कब्जा कर चट्टा, पार्किंग, स्ट्रीट लाइटें, झोपड़ी, टीनशेड और ओपन जिम बना लिए गए। मौके पर गाय बंधी मिली और पानी की टंकी भी स्थापित पाई गई। बागी पार्षद पवन गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की लिखित शिकायत पर डीएम जितेन्द्र कुमार सिंह ने एसडीएम सदर, एसीएम सप्तम और तहसीलदार सदर की संयुक्त टीम से जांच कराई। जांच में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।
लेखपाल हरिशंकर विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर दर्ज वाद में अमित पांडेय उर्फ बंटी, निजामुद्दीन, राम नारायण, मोहित, पप्पू, जुग्गीलाल, केदारनाथ यादव, शीला, रामकली, मन्नीलाल, अशोक, आशू, मुन्नी कश्यप, सुनीता, रज्जन, प्रेम प्रकाश व रमेश के नाम शामिल हैं। अब अदालत से नोटिस जारी कर पक्षकारों से जवाब-तलब किया जाएगा, जिसके बाद बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।


