शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार अल सुबह चोरों ने दो दुकानों के शटर उखाड़ दिए और एक अन्य दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से दुकानदारों में रोष और दहशत का माहौल है। बड़ी वारदात लाडवा रोड स्थित शुगरमिल के पास श्रीगणेश हार्डवेयर एंड सेनेटरी स्टोर में हुई।
दुकान संचालक विकास कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे नकाबपोश चोर पिकअप वाहन पर सवार होकर आए। चोरों ने पहले दुकान का शटर उखाड़ा और फिर अंदर घुसकर करीब 30 मिनट तक इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर पानी की मोटरें और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और लाइटें भी तोड़ दीं। गल्ले में रखी 10 से 12 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। उसने बताया कि इस घटना में उसे 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। विकास ने बताया कि सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर शटर उखड़े होने की सूचना दी, जिस पर चोरी की घटना के बारे में पुलिस को बताया गया।


