जालंधर फायरिंग कांड का खुलासा, डॉक्टर के घर पर गोलियां चलाने वाले दो शूटर गिरफ्तार

जालंधर के संतोखपुरा इलाके में डाक्टर यशपाल के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगजीत सिंह निवासी गांव बडाला जोहल भाणा, थाना जंडियाला गुरु (अमृतसर) और लवप्रीत सिंह निवासी गांव बडाला जोहल, जंडियाला गुरु अमृतसर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 1:40 बजे बाइक सवार दो युवकों ने डाक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी उनकी नई कार और मकान पर गोलियां चलाई थीं। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें एक30 बोर और एक32 बोर हथियार शामिल है। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे वारदात के पीछे का कारण, हथियारों की सप्लाई और संभावित अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *